
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में होली के दिन घरेलू विवाद हिंसक हो गया। Gaurela थाना क्षेत्र के पड़खुरी पिपरिया गांव में एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।पुलिस के अनुसार, आरोपी बिरजू अगरिया होली मनाने के लिए अपनी पत्नी राधा अगरिया के मायके आया हुआ था। बताया जा रहा है कि त्योहार के दौरान शराब पीने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर टंगिया से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी चोट लग गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया, लेकिन ग्रामीणों ने उसे जंगल के पास पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला और अन्य घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
