
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, द मीडिया पॉइंट। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा के धनुहारीटोला में एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय फूलमतिया बाई धनुहार के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए राशि आई थी। बताया जा रहा है कि उनका बेटा दलबीर सिंह उस रकम और जमीन में अधिक हिस्सेदारी की मांग कर रहा था।
महिला ने आवास योजना के पैसे देने से इनकार कर दिया और जमीन परिवार के सभी सदस्यों में बराबर बांटने की बात कही। इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। होली के दिन शराब के नशे में दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर बेटे ने अपनी मां का गला दबाकर हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।इस घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
