
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में मां और मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर से दुर्ग लौट रहे एक दंपति की बाइक को भिलाई-3 स्थित प्रीमियम वाइन शॉप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दंपति और उनकी दो वर्षीय बच्ची सड़क पर गिर गए।
इस हादसे में 30 वर्षीय आरती दुबे और उनकी दो साल की बेटी सोना दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति राकेश दुबे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार शोक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर से दुर्ग लौट रहा था।

पुलिस के अनुसार, बाइक क्रमांक CG 07 CN 5190 रायपुर से दुर्ग की ओर जा रही थी। सिरसा गेट चौक के पास कार ने ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
