
बालोद, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दोपहिया वाहन सवार की मौत हो गई। घटना डौंडी थाना क्षेत्र में राम जानकी मंदिर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक लूना चालक को कुचल दिया।मृतक की पहचान 55 वर्षीय सामसाय मसियारे निवासी ग्राम परसोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक दिल्लीराजहरा की ओर से आ रहा था, जबकि लूना चालक मथाई चौक से डौंडी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राम जानकी मंदिर के पास ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने के कारण भानुप्रतापपुर–बालोद–राजनांदगांव मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
